बांग्लादेश में नई सरकार बनने के बाद, प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद ही तारिक रहमान ने भारत के साथ संबंध सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने स्पष्ट किया कि उनका प्राथमिक लक्ष्य भारत के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में दोस्ताना संबंध कायम करना है।

खेल मंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने संसद भवन में भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर से मुलाकात की। बातचीत में टी20 विश्व कप और क्रिकेट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हक ने कहा, “हम चाहते हैं कि यह मामला बातचीत के जरिए जल्दी सुलझे। हमारा उद्देश्य है कि सभी पड़ोसी देशों के साथ सकारात्मक और मित्रवत संबंध बनें।”

अमीनुल हक ने यह भी कहा कि राजनीतिक कारणों से बांग्लादेश टीम टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा नहीं ले सकी। “अगर समय पर बातचीत हुई होती, तो हमारी टीम विश्व कप में खेल सकती थी। अब हम चाहते हैं कि भविष्य में खेल के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी भारत के साथ अच्छे संबंध हों।”

टी20 विश्व कप से बाहर होने की पृष्ठभूमि
बीसीसीआई ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 में केकेआर टीम से हटाने का आदेश दिया था, जो बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के चलते आया। केकेआर ने बोर्ड के निर्देश का पालन किया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में विश्व कप 2026 में अपनी टीम भेजने से इनकार किया और मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की।

आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग को अस्वीकार कर दिया, जिससे बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने का फैसला किया। उनकी जगह स्कॉटलैंड को विश्व कप में स्थान मिला।