भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के वरिष्ठ खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों रांची में अपने परिवार संग समय बिता रहे हैं। शनिवार को धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ देवड़ी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर में उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जो उन्हें देखने के लिए उत्साहित नजर आई।
परिवार संग की भक्ति
धोनी हर साल की तरह इस बार भी अपनी आस्था निभाते हुए रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर तमाड़ प्रखंड के देवड़ी गांव स्थित ऐतिहासिक मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने 16 भुजाओं वाली देवी की प्राचीन प्रतिमा के दर्शन किए। उनके साथ उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद थीं। तीनों ने मिलकर माता के समक्ष श्रद्धा के साथ प्रार्थना की।
धोनी और देवड़ी मंदिर का गहरा संबंध
महेंद्र सिंह धोनी की इस मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी है। जब भी वे रांची में होते हैं, तो देवड़ी मंदिर जाकर दर्शन करना नहीं भूलते। इससे पहले भी उन्हें कई बार इस मंदिर में पूजा करते देखा गया है। उनके मंदिर पहुंचने की खबर जैसे ही फैली, बड़ी संख्या में प्रशंसक मंदिर परिसर में जुट गए।
मंदिर की मान्यता और ऐतिहासिकता
लगभग 700 वर्षों पुराने इस मंदिर को लेकर कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं। कहा जाता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में आने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हालांकि इस प्राचीन मंदिर का निर्माण किस काल में और किसने करवाया, यह आज भी रहस्य बना हुआ है।