नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मशहूर गायक गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर हुई फायरिंग केस में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। फिलहाल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सुरक्षा के बीच उनसे पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर हुई फायरिंग मामले से जुड़ी है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं और उन्हें एक संगठित मॉड्यूल के तहत काम करने के निर्देश मिले थे।
कैसे हुई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि दोनों संदिग्ध पश्चिम विहार क्षेत्र में मौजूद हैं और किसी अन्य वारदात की योजना बना सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। जब टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए।
पुलिस ने उनके पास से पाकिस्तान निर्मित हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी हकीकत और सागर के रूप में हुई है।
जिम फायरिंग की पृष्ठभूमि
11 जून की तड़के करीब 4 बजे पश्चिम विहार स्थित जिम के बाहर कई राउंड फायरिंग की गई थी। मौके से सात खाली कारतूस बरामद हुए थे। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। बाद में सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों अरमान और तुषार को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार कर चुकी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरी साजिश गैंग के निर्देश पर रची गई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।