आरसीबी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर एक और बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी।

इस हार के साथ पंजाब किंग्स को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उसके लिए प्लेऑफ की राह अब काफी कठिन हो गई है। वहीं आरसीबी ने इस सीजन में 13 मैचों में 9 जीत के साथ 18 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और 11वीं बार प्लेऑफ में जगह बनाई है।

दूसरी ओर पंजाब किंग्स के 13 मैचों में 6 जीत, 6 हार और 1 बेनतीजा के साथ 13 अंक हैं और टीम अभी भी चौथे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन उसे आगे की दौड़ में बने रहने के लिए अपने अंतिम मैच के साथ-साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।

पंजाब किंग्स की शुरुआत लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही टीम ने तीन अहम विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में आ गई और आधी टीम 93 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। भुवनेश्वर कुमार, रसिक और अन्य गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर पंजाब की रनगति पर अंकुश लगाया।

हालांकि, इसके बाद मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने शानदार साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की। दोनों ने मिलकर 67 रनों की अहम साझेदारी की और कुछ समय के लिए मैच को रोमांचक बना दिया। स्टोइनिस 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शशांक सिंह ने 22 गेंदों में तेज अर्धशतक जड़ा और 56 रन की पारी खेली।

शशांक के आउट होते ही पंजाब की उम्मीदें भी टूट गईं और टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। आरसीबी की ओर से रासिख सलाम डार ने 3 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को 2 सफलताएं मिलीं। हेजलवुड, शेफर्ड और सुयश शर्मा को भी एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले आरसीबी की पारी में विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने अहम अर्धशतक लगाए। कोहली ने 58 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर 73 रन बनाकर नाबाद रहे। टिम डेविड ने भी अंत में तेज 28 रनों का योगदान दिया। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।