गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के जिला जेल पेंड्रारोड से दुष्कर्म के मामले में बंद एक कैदी के फरार होने से हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को करीब 8 घंटे के भीतर पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब जेल में कैदियों को दैनिक दिनचर्या के लिए बैरक से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान पेंड्रा थाना क्षेत्र के बचरवार गांव निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल, जो दुष्कर्म के मामले में बंद था, मौका पाकर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत गौरेला पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और जेल स्टाफ ने आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई।
काफी प्रयासों के बाद शाम करीब 4 बजे आरोपी को पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस मामले में जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर फरार कैदी कुलदीप राठौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाद में आरोपी को दोबारा जिला जेल में दाखिल कर दिया गया।
घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं और प्रशासनिक स्तर पर इसकी समीक्षा की संभावना जताई जा रही है।