बिलासपुर नगर निगम की सीमा वृद्धि के साथ ही अब एक और नगर निगम की मांग उठने लगी है। अरपापार सरकंडा को निगम के नक्शे से अलग कर स्वतंत्र नगर निगम का दर्जा देने की मांग बेलतरा के विधायक रजनीश सिंह ने विधानसभा में की है। विधायक रजनीश ने अपनी मांग के समर्थन में अरपापार सरकंडा की भौगोलिक परिस्थितियों के अलावा जनसंख्या का आंकड़ा भी पेश किया हैै।
अरपापार सरकंडा का काफी तेजी के साथ विकास हो रहा है। सीपत चौक से लेकर राजकिशोरनगर और उससे आगे मोपका की सीमा लगभग जुड़ चूकी है। मोपका से लेकर अरपापार सरकंडा का पूरा इलाका आपस में मिला हुआ है।
सरकंडा थाना के पीछे से लेकर आगे नई कालोनियों की बसाहट,राजकिशोर नगर की बसाहट के अलावा राजकिशोर नगर से मोपका के बीच खाली पड़ी जमीन पर कालोनी निर्माण के कारण पूरा इलाका आपस में मिल गया है। पूर्व ग्राम पंचायत मोपका जो अब नगर निगम बिलासपुर का वार्ड बन गया है यहां भी आधा दर्जन से अधिक कालोनियों का निर्माण हो रहा है।
व्यावसायिक परिसर भी तेजी के साथ विकसित हो रहे हैं। तीन बड़ी निजी स्कूलें भी इसी इलाके में संचालित हो रही है। तेजी के साथ शहर को देखते हुए विधायक रजनीश सिंह ने अरपापार सरकंडा को नया नगर निगम का दर्जा देने की बात उठाई है।
बिलासपुर नगर निगम सीमा विस्तार के बाद 107 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में निगम फैला हुआ है और यहां की जनसंख्या पांच लाख 27 हजार 527 के करीब है। अरपापार सरकंडा के बसाहट और व्यावसायिक परिसरों की हो रही तेजी के साथ विकास को देखते हुए नए नगर निगम की जरूरत महसूस की जाने लगी है।