दिल्ली। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण सिंह कोर्ट के समन के बाद मंगलवार को राउज अवेन्यू कोर्ट पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी जिसमें उनपर कई धाराएं लगाई गई थी।

बृजभूषण सिंह का कहना है कि वह कोर्ट से जमानत की मांग करेंगे। पहले भी जब उन्हें समन किया गया था तब उन्होंने कहा था कि वह कोर्ट जाएंगे क्योंकि उन्हें किसी का डर या खौफ नहीं है।  कोर्ट ने 7 जुलाई को बृजभूषण सिंह के साथ-साथ विनोद तोमर को भी 18 जुलाई को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था।

बृजभूषण सिंह के खिलाफ 6 पहलवानों के उत्पीड़न के आरोप को लेकर चार्जशीट दाखिल की गई थी। दिल्ली पुलिस ने नाबालिग मामले में बृजभूषण को क्लीन चिट देने की बात कही थी। वहीं उनपर पर भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (आपराधिक धमकी), 354 (महिला की शीलता भंग करना), 354ए (यौन उत्पीड़न) और 354 डी (पीछा करना) के तहत आरोप तय किए गए हैं.