नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के पश्चिमी गेट पर शनिवार को छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की घटना सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने छात्रसंघ के अध्यक्ष नितेश कुमार सहित 28 छात्रों को हिरासत में ले लिया। झड़प में छह पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 70-80 छात्र जेएनयू के पश्चिमी द्वार पर इकट्ठा हुए और नेल्सन मंडेला मार्ग की ओर जाने की कोशिश की। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन छात्रों ने इसे तोड़ने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की में उतर गए। इस दौरान छात्रों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
छात्रसंघ के अध्यक्ष नितेश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा और महासचिव मुंतिया फातिमा सहित 28 छात्रों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए छात्रों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।