नई दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे में एक बड़ा हादसा हुआ। परिसर के अंदर बने कमरे की छत और दीवार अचानक गिर गई, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना शाम करीब 4:30 बजे मिली। तुरंत 5 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और राहत व बचाव कार्य जारी है।
मकबरा 16वीं सदी में बना एक ऐतिहासिक स्मारक है और पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों के बीच भी लोकप्रिय है। एडवोकेट मुजीब अहमद ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान भारी संख्या में लोग कमरे में मौजूद थे। बारिश की वजह से लोग अंदर आ गए थे और यह छत काफी पुरानी थी।
मुजीब अहमद ने आरोप लगाया कि एएसआई ने मरम्मत की अनुमति नहीं दी, जिसके कारण छत पर पहले से क्रैक था। हादसे के समय कमरे में करीब 15-20 लोग थे। उन्होंने बताया कि पहले छत गिर गई और इसके बाद दीवार भी ढह गई। कई लोग घायल हुए हैं और बचाव दल उन्हें बाहर निकालने में जुटा है।