लखनऊ। नगर निगम की जमीन पर अवैध प्लाटिंग और व्यावसायिक गतिविधियों के मामलों में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई बक्शी का तालाब और सरोजनीनगर के क्षेत्रों में की गई।
बक्शी का तालाब में कार्रवाई
बक्शी का तालाब क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर में नगर निगम की जमीन पर गाटा संख्या-158 (0.281 हेक्टेयर) और गाटा संख्या-184 (0.238 हेक्टेयर) में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जमीन की चारों तरफ दीवार बनाकर इसे प्लॉटों में बांटा गया था और वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
प्रशासन और पुलिस का संयुक्त अभियान
किसी भी प्रकार के विरोध या अड़चन से बचने के लिए थाना इंदिरा नगर की पुलिस और नगर निगम प्रवर्तन दल भी मौके पर मौजूद थे। बक्शी का तालाब में खाली कराई गई जमीन की कीमत लगभग 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई।
सरोजनीनगर में भी कार्रवाई
समान कार्रवाई सरोजनीनगर के अलीनगर-सुनहरा क्षेत्र में भी की गई, जहां नगर निगम की जमीन खाली कराई गई। इस जमीन की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
नगर निगम का कहना है कि इस तरह की अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और शहर की सरकारी जमीनों को सुरक्षित रखा जाएगा।