नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां एक डॉक्टर ने अपनी घरेलू सहायिका की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता ने 45 वर्षीय मीना की हत्या की, जिसका शव माउंट कैलाश इलाके में एक इमारत की छत पर मिला।
घटना की सूचना आज सुबह 11:36 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए मिली, जिसमें बताया गया कि एक महिला खून से लथपथ हालत में छत पर पड़ी है।
सूचना मिलते ही एसीपी कालकाजी, अमर कॉलोनी थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से मिले शव की पहचान बाद में मीना के रूप में हुई, जो लंबे समय से डॉक्टर के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी।
आरोपी डॉक्टर ने कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता, जो 50 वर्ष के आसपास और त्वचा रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) हैं, घटना के समय मौके पर ही मौजूद था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पहले बैट और फिर चाकू से मीना पर हमला किया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार बरामदगी और जांच जारी
पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी।