नई दिल्ली। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों के लिए गर्मी की छुट्टियों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी निर्देशों के मुताबिक, राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। हालांकि इस दौरान नौवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
इन कक्षाओं का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई में कमजोर विषयों पर अतिरिक्त सहायता देना और उनकी शैक्षणिक क्षमता को बेहतर बनाना है।
सुबह के समय होंगी विशेष कक्षाएं
शिक्षा विभाग के अनुसार, उपचारात्मक कक्षाएं 11 मई से 23 मई तक संचालित की जाएंगी। कक्षाओं का समय सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में मौजूद रहना होगा। हर दिन तीन पीरियड लिए जाएंगे और प्रत्येक पीरियड की अवधि एक घंटे की होगी।
दोहरी शिफ्ट वाले स्कूलों में इन कक्षाओं के लिए अलग-अलग विंग का उपयोग किया जाएगा, ताकि पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।
गणित और विज्ञान पर रहेगा फोकस
नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष रूप से विज्ञान और गणित विषयों पर ध्यान दिया जाएगा। हालांकि स्कूल प्रमुख जरूरत के अनुसार अन्य विषय भी शामिल कर सकेंगे। वहीं बारहवीं के छात्रों के लिए विषयों का चयन उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
यूनिफॉर्म पहनना होगा अनिवार्य
शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि छुट्टियों से पहले उपचारात्मक कक्षाओं की समय सारिणी तैयार कर संबंधित उप शिक्षा निदेशक को भेजी जाए। साथ ही छात्रों और अभिभावकों को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया है।
इन कक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना जरूरी होगा और अभिभावकों की सहमति लेना भी अनिवार्य किया गया है।
स्कूलों को दिए गए अतिरिक्त निर्देश
स्कूलों में साफ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों के स्व-अध्ययन के लिए पुस्तकालय खुले रखने को भी कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिथि और संविदा शिक्षकों की सहायता ली जा सकेगी।
इसके अलावा, उप शिक्षा निदेशकों को कार्यक्रम की निगरानी के लिए प्रतिदिन कम से कम दो स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।