अनंतनाग/रेवाड़ी। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में तैनात रेवाड़ी निवासी सीआरपीएफ कांस्टेबल सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव मामड़िया आसमपुर में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय सतीश की ड्यूटी अनंतनाग के हिलर पोस्ट पर शाम साढ़े 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक निर्धारित थी। घटना से कुछ समय पहले ही उन्होंने शाम करीब 7 बजे अपने परिवार से बातचीत की थी और सब कुछ सामान्य बताया था। इसके लगभग 45 से 50 मिनट बाद उनकी मौत की सूचना सामने आई।

शाम करीब 7 बजकर 47 मिनट पर पोस्ट से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने सतीश को जमीन पर पड़ा पाया, जिनके सिर में गोली लगी थी। पास में उनकी इंसास राइफल भी बरामद हुई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी सर्विस राइफल से अचानक गोली चलने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में शव को उनके पैतृक गांव रेवाड़ी लाया गया।