नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अब अपना असर और तेज कर दिया है। इस मौसम की सबसे गर्म सुबह रविवार को दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन में पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने से गर्मी और अधिक महसूस की जा रही है।

वहीं, राजधानी की वायु गुणवत्ता अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। सुबह 10 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 223 दर्ज किया गया, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब स्तर के बीच बनी हुई है और फिलहाल इसमें बड़े सुधार की उम्मीद नहीं है।

दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार को तेज धूप और लू जैसी गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई।

गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसे-जैसे पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है, गर्मी का असर और ज्यादा तीव्र होता जा रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है।