दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में स्थित डीआरडीओ के अत्यधिक सुरक्षित माने जाने वाले रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक महिला वैज्ञानिक के घर से लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार, डीआरडीओ में कार्यरत वैज्ञानिक 15 मई को अपने परिवार से मिलने चंडीगढ़ गई थीं। इसी दौरान उनके घर में चोरी की घटना हुई। जब वह 23 मई को वापस लौटीं, तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं।
चोरी गए सामान में सोने-चांदी के गहने, चांदी के बर्तन, घड़ियां और नकदी शामिल बताई जा रही है। घटना ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह इलाका अत्यंत सुरक्षित माना जाता है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और वारदात का खुलासा हो सके।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।