दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप फिलहाल थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। इसी वजह से यलो अलर्ट जारी किया गया है। आसमान साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय के लिए 40 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर 28 से 31 मई के बीच देखने को मिलेगा। इसके चलते मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।
28 और 29 मई को हल्के बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक और कुछ समय में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 30 और 31 मई के बीच मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला रहेगा और तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने और हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना बनी रह सकती है, जिससे गर्मी में कुछ कमी आने के आसार हैं।
मंगलवार को दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। लगातार 11वें दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही आर्द्रता का स्तर अधिकतम 49 प्रतिशत और न्यूनतम 22 प्रतिशत रहा, जिससे उमस और गर्मी का असर और बढ़ गया।
बीते कुछ दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जिसमें अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री से लेकर 45.1 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री से लेकर 32.4 डिग्री तक दर्ज किया गया है।
वहीं, हवा की गुणवत्ता अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। मंगलवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 252 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। NCR के कई हिस्सों में स्थिति और गंभीर रही। ग्रेटर नोएडा में AQI 332 दर्ज हुआ, जो बेहद खराब श्रेणी में है। गाजियाबाद में 297, नोएडा में 244 और फरीदाबाद में 213 AQI दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही जहां AQI 180 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।