नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर रविवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस एयर की फ्लाइट संख्या LX147, जो दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी, टेक-ऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार, विमान के इंजन नंबर-1 में टेक-ऑफ रन के दौरान खराबी आने के बाद आग लग गई। उस समय विमान की रफ्तार करीब 104 नॉट्स बताई जा रही थी। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेक-ऑफ रद्द कर विमान को रनवे पर ही रोक दिया।
आपात स्थिति के बाद विमान में सवार सभी 232 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि इस दौरान उतरने की प्रक्रिया में 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे संख्या 28 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। वहीं, स्विस एयर ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है और प्रभावित यात्रियों को होटल में ठहराने तथा आगे की उड़ानों के लिए एक विशेष टास्क फोर्स तैनात की गई है।