नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की कोतवाली थाना टीम ने बुधवार को लाल किले के पीछे, दिल्ली चलो पार्क के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध काली हुंडई सैंट्रो कार देखी। कार में दो लोग मौजूद थे—एक मुदस्सर, जो पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) का निवासी है, और दूसरा एक नाबालिग लड़का।
पूछताछ में मुदस्सर ने खुद को एनआईए अधिकारी बताकर एक पहचान पत्र दिखाया, लेकिन वह दस्तावेज़ पुलिस को संदिग्ध लगा। शुरुआती जांच में सामने आया कि मुदस्सर गरीब या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को नौकरी का झांसा देकर ठग रहा था। उसने नाबालिग लड़के के परिवार से एडवांस राशि लेकर उसे दिल्ली बुलाया।
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, मुदस्सर फर्जी आईडी कार्ड का उपयोग कर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगता था। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।