आज छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर महाराष्ट्र के शिवनेरी किले पर भारी भीड़ जुट गई। जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं की अधिकता के कारण अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हुए। पुलिस ने हालात को संभालने का प्रयास किया।

शिवनेरी किले में देर रात से उमड़ी भीड़
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, शिवनेरी किले में श्रद्धालु देर रात से पहुंचने लगे थे। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और संकरे रास्तों पर लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने लगे। इसके चलते भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुणे पुलिस ने नियंत्रण बनाने की कोशिश की, लेकिन बड़ी संख्या में लोग होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई।

अपर्याप्त पुलिस फोर्स से बिगड़े हालात
जुन्नर तालुका में स्थित किले के अंबरखाना और गणेश दरवाजा जैसे संकरे मार्ग पर भारी भीड़ जमा हो गई। उचित पुलिस फोर्स न होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इस भगदड़ में कई बच्चे और महिलाएं घायल हुए हैं।

प्रशासन की तैयारी पर सवाल
हर साल शिवनेरी किले पर शिवजयंती पर बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इसके बावजूद भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम में कमी के कारण अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षित मार्ग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है, ताकि फिर से इस तरह की घटनाएं न हों।