दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक युवक ने अपनी महिला मित्र के पति को बीच सड़क गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान योगेंद्र के रूप में की है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी नशे की हालत में था।
शादी बनी हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, योगेंद्र मृतक की पत्नी का पुराना दोस्त था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन करीब तीन महीने पहले महिला का विवाह 27 वर्षीय रविंदर से हो गया, जिससे योगेंद्र नाराज चल रहा था। इसी रंजिश में उसने रविंदर को निशाना बनाया।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दोनों
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि रविंदर अपने परिवार के साथ संगम विहार की गली नंबर-3 में रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का निवासी था। आरोपी योगेंद्र भी उसी जिले के धीरपुर गांव का रहने वाला है।
अस्पताल में तोड़ा दम
6 जनवरी की सुबह करीब 9:15 बजे पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल रविंदर को स्थानीय लोग पहले मजीदिया अस्पताल ले गए, जहां से उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।