नई दिल्ली। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को एक बार फिर मेट्रो और डीटीसी बस में यात्रा की। उन्होंने अपने आवास से पैदल निकलकर सचिवालय तक पहुंचने के लिए मेट्रो और बस का इस्तेमाल किया।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील से प्रेरित “मेट्रो मंडे” अभियान का हिस्सा बताई जा रही है, जिसके तहत लोगों को निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इससे पहले भी पिछले सोमवार को मुख्यमंत्री ने इसी तरह मेट्रो और बस से यात्रा की थी। “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल में मुख्यमंत्री के साथ-साथ उनके कैबिनेट सहयोगी और वरिष्ठ अधिकारी भी अपने दैनिक आवागमन के लिए सरकारी वाहनों की जगह मेट्रो और डीटीसी बसों का उपयोग कर रहे हैं।