कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। हाल ही में रेहान ने दिल्ली की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से सगाई की है।
सगाई समारोह
सूत्रों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच सगाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केवल चुनिंदा लोगों को आमंत्रित किया गया। यह समारोह काफी निजी रखा गया। रेहान और अवीवा कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके परिवारों के बीच भी घनिष्ठ संबंध हैं। बताया जा रहा है कि अवीवा के परिवार और गांधी-वाड्रा परिवार की मित्रता वर्षों पुरानी है, जो इंदिरा गांधी के समय से चली आ रही है।
रेहान वाड्रा का पेशा और शिक्षा
रेहान वाड्रा एक विजुअल आर्टिस्ट हैं और उन्होंने अलग-अलग शहरों में अपनी आर्टवर्क की प्रदर्शनी लगाई है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और इसके बाद लंदन से आगे की पढ़ाई की। उनकी कला में गहरी रुचि है और यही उनका पेशा भी है।
अवीवा बेग कौन हैं?
रेहान की होने वाली पत्नी अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली के प्रसिद्ध मॉर्डन स्कूल से पढ़ाई की और बाद में ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में उच्च शिक्षा प्राप्त की। पेशे से अवीवा एक फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं। इसके अलावा, वे नेशनल लेवल की फुटबॉल प्लेयर भी रह चुकी हैं।