दिल्ली में आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 821.26 करोड़ रुपये की विशेष सहायता राशि स्वीकृत की है। यह निर्णय ‘विकसित भारत’ की सोच को ‘विकसित दिल्ली’ के रूप में साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस संबंध में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि दिल्ली के बहुआयामी विकास में सहायक सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस धनराशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, जल आपूर्ति, आवास, ऊर्जा और मेट्रो रेल परियोजना (एमआरटीएस) चरण-IV सहित कुल 33 योजनाओं को गति देने में किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन परियोजनाओं को तय समयसीमा में, पारदर्शी प्रक्रिया और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
यह कदम राजधानी दिल्ली को आधुनिक और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों का उदाहरण है।