राजधानी दिल्ली में सोमवार रात आई धूल भरी आंधी ने पिछले कई दिनों से जारी गर्मी पर असर डाला है। करीब छह दिनों के बाद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा में नमी का स्तर अधिकतम 52 प्रतिशत और न्यूनतम 33 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 अप्रैल को राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। बुधवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके बाद 1 और 2 मई को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन तापमान फिर से बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

इसके बाद 3 और 4 मई को एक बार फिर बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मैदानी इलाकों में उसी शाम या अगले दिन तक देखने को मिल सकता है।