दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड के दौरान गर्मी का असर देखने के बाद अब अगले सप्ताह मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।

विभाग ने 11 और 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर तक देखने को मिलेगा। इसके चलते 11 और 12 मई को तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। 13 मई को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।

शनिवार को राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा और तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास बढ़ गया, हालांकि तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे ही दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पालम, लोदी रोड, रिज और आयानगर जैसे क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से कुछ कम दर्ज हुआ।

आने वाले दिनों के अनुमान के अनुसार 10 मई को तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि 11 और 12 मई को यह 35 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 13 और 14 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ 35 से 37 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 15 मई को तापमान फिर बढ़कर 37 से 39 डिग्री तक जा सकता है।

फिलहाल राहत की बात यह है कि 17 मई तक लू चलने की कोई संभावना नहीं है, जिससे भीषण गर्मी यानी ‘जेठ की तपिश’ अभी लोगों को परेशान नहीं करेगी।