गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर एंडोर हाइट्स सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह रोडरेज की गंभीर घटना सामने आई। गाड़ी को साइड देने को लेकर हुए विवाद में थार सवार कुछ लोगों ने एक सिविल इंजीनियर के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो एमआरजी बिल्डर कंपनी में सिविल इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं और पिछले करीब 15 वर्षों से गुरुग्राम में रह रहे हैं। घटना के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत का इलाज जारी है।
बहस के बाद हिंसा में बदला मामला
पीड़ित के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 7:15 बजे वह नाइट शिफ्ट खत्म कर अपनी सोसायटी लौट रहे थे। इसी दौरान सोसायटी के बाहर हिमाचल प्रदेश नंबर की एक ब्लैक थार वहां आकर रुकी।
बताया जा रहा है कि थार सवारों ने रास्ता देने को लेकर धर्मेंद्र से बहस शुरू कर दी। जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया तो मामला बढ़कर मारपीट में बदल गया। इस दौरान कई लोगों ने मिलकर उनके साथ हाथापाई की।
हमले का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार से पांच लोग मिलकर सिविल इंजीनियर को पीटते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से थार गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
बादशाहपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजयपाल ने बताया कि वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।