हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश का दौर जारी रहा। राजधानी शिमला में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि ऊना, सोलन और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
कई राज्यों की ओर बढ़ रहा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 2–3 दिनों में उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के शेष हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके बाद आने वाले दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश में मानसून के प्रवेश को लेकर अभी कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया है।
कई शहरों में दर्ज तापमान
प्रदेश के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा—शिमला 16.6°C, ऊना 21.3°C, धर्मशाला 16.4°C, सोलन 18.4°C, मनाली 16.5°C, कल्पा 12.6°C, केलांग 10.2°C, कुकुमसेरी 6.9°C, पांवटा साहिब 27.0°C सहित कई स्थानों पर अलग-अलग तापमान दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, 24 से 26 जून के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 29 और 30 जून को कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। सप्ताह के अन्य दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
अगले 4–5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अगले 2–3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में स्थिरता बनी रह सकती है।