फरीदाबाद में मस्जिद चौक क्षेत्र में मस्जिद, शिव मंदिर और अन्य अवैध निर्माणों पर की गई कार्रवाई के बाद हरियाणा सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है। संभावित तनाव और अफवाहों को रोकने के लिए जिले के एक निर्धारित क्षेत्र में अस्थायी रूप से इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश जारी किया गया है।

मोबाइल इंटरनेट और मैसेजिंग सेवाएं अस्थायी रूप से बंद

सरकारी आदेश के अनुसार, फरीदाबाद जिले के एनआईटी जोन में चिन्हित स्थान के एक किलोमीटर दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं (2G, 3G, 4G और 5G), बल्क एसएमएस और डोंगल इंटरनेट सेवाएं कुछ समय के लिए बंद रहेंगी।

यह प्रतिबंध 30 मई को दोपहर 12:30 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।

अफवाह फैलने की आशंका को देखते हुए फैसला

प्रशासन की ओर से यह कदम ADGP (CID) हरियाणा और जिला उपायुक्त फरीदाबाद से मिले इनपुट्स के आधार पर लिया गया है। आशंका जताई गई थी कि तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान तनाव, कानून-व्यवस्था की समस्या और शांति भंग हो सकती है।

सरकार का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स के जरिए अफवाह फैलने या भीड़ इकट्ठा होने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय जरूरी था।

अवैध निर्माण पर चला था बुलडोजर

गौरतलब है कि फरीदाबाद के मस्जिद चौक इलाके में हाल ही में मस्जिद, शिव मंदिर और कई अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई थी। यह निर्माण प्रस्तावित RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के मार्ग में बाधा बन रहे थे।