गुरुग्राम: सड़क पर साइड न देने को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। राजीव चौक के पास एक कार चालक से मारपीट और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान फाजिलपुर गांव निवासी पार्थ और पारस के रूप में हुई है, जो दोनों बीबीए के छात्र बताए जा रहे हैं।

मीटिंग से लौटते समय हुआ विवाद

दिल्ली के सीआर पार्क निवासी अभिषेक चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार दोपहर सोहना रोड पर एक मीटिंग के लिए गुरुग्राम आए थे। काम खत्म करने के बाद जब वह दिल्ली लौट रहे थे, तभी राजीव चौक के पास एक स्कॉर्पियो सवार दो युवकों से उनका विवाद हो गया।

शिकायत के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार युवक लापरवाही से वाहन चला रहे थे और बार-बार ओवरटेक कर रहे थे। साइड न मिलने पर उन्होंने अभिषेक की कार को रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

नाहरपुर रूपा चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और देर रात फाजिलपुर गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।