हरियाणा। झज्जर जिले में विजय सैनी हत्याकांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। लगातार चल रहे ऑपरेशन में पुलिस ने छह दिनों के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार रात रणखंडा-कड़ौधा क्षेत्र के खेतों में हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी संजय पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गया।

सूत्रों के अनुसार, गांव बिरधाना निवासी संजय उस समय पुलिस की सीआईए-2 टीम के साथ आमने-सामने आया, जब टीम गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। मुठभेड़ के दौरान संजय ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे तीन गोलियां लगीं और वह मौके पर ही मारा गया।

इस दौरान गोली लगने से सीआईए-2 के एसआई संयम सिंह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश में कुल आठ टीमें लगातार काम कर रही थीं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया संजय एक शातिर अपराधी था और कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है। उसने हाल ही में 31 मई को गांव दुजाना में विजय सैनी की गोली मारकर हत्या की थी। इससे पहले वर्ष 2021 में उसने विजय सैनी के बेटे अनिल की भी हत्या की थी। इसके अलावा इसी साल 2 मार्च को उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और तभी से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, संजय लगातार इलाके में दहशत फैलाए हुए था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे।

इससे पहले, इसी मामले में पुलिस ने बीते रविवार को उसके साथी इंद्रपाल को भी मुठभेड़ में मार गिराया था। वह भी रोहतक जिले का निवासी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और अपराध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।