गुरुग्राम। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा की टीमों ने अब तक 800 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की है, जिसमें 13 बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार ये सभी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश कर गुरुग्राम में रह रहे थे। अब इन सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत देश से डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिले में अवैध प्रवासियों की पहचान और सत्यापन के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जा रहे हैं या जो वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पा रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने निर्माणाधीन साइट्स, झुग्गियों और अन्य अस्थायी ठिकानों पर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। दस्तावेजों की गहन जांच के दौरान 13 लोगों की पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई। इनके पास बांग्लादेश से जुड़े पहचान दस्तावेज भी मिले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि ये सभी व्यक्ति कालियागंज बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से बांग्लादेश से भारत में दाखिल हुए थे और यहां मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे।
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि यह जांच अभियान झुग्गी बस्तियों, किराए के मकानों, कॉलोनियों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में लगातार चलाया जा रहा है, ताकि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने की सलाह दी गई है।