गुरुग्राम में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे के बाद एक कंटेनर में आग लग गई, जिसमें चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना पटौदी टोल से फर्रुखनगर टोल की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर आगे चल रहे एक कैंटर में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
केबिन में फंसा रहा चालक, जिंदा जल गया
पुलिस के मुताबिक, कंटेनर बिलासपुर की ओर से आ रहा था और अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कैंटर से टकरा गया। कैंटर में प्लास्टिक और कपड़ों का कबाड़ लदा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।
टक्कर के बाद कंटेनर का चालक केबिन में ही फंस गया। आग लगने के बाद उसे बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वह केबिन में ही जिंदा जल गया।
मृतक की पहचान उन्नाव निवासी के रूप में
मृत चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के करजोरा गांव निवासी दीपू के रूप में हुई है। आग इतनी भयावह थी कि केबिन में उनका शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम की मोर्चरी भिजवा दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। रविवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ और टक्कर की असली वजह क्या थी।