हरियाणा के सीएम मनोहर लाल आज शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आवास पर हरियाणा के सांसदों से भी मिलेंगे। पंजाब में 10 मार्च को आप की सरकार बनने के बाद हरियाणा में दिन प्रतिदिन राजनीतिक समीकरण बदलते जा रहे हैं। ऐसे में सीएम भाजपा सांसदों के साथ मौजूदा राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा करेंगे।

आप पार्टी में हरियाणा के नेताओं के शामिल होने का क्रम जारी है। प्रदेश में आगामी समय में शहरी निकाय चुनाव व पंचायती चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी आप की चुनौती का मुकाबला करने के लिए रणनीति बनाने में जुटी है। साथ ही पंजाब के साथ एसवाईएल, राजधानी के मुद्दे को लेकर भी रणनीति बनानी है। वहीं सांसदों, मंत्रियों के गिले शिकवे भी दूर करने हैं। बीते दिन ही हरियाणा के सांसदों ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के डिनर में शामिल हुए थे। उस डिनर में प्रदेश के करीब 46 विधायक भी पहुंचे थे। दोनों के गिले शिकवों को दूर किया गया। इससे पहले 2 अप्रैल को प्रदेश संगठन की मीटिंग में विधायकों और पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को घेरा और सुनवाई न होने के आरोप लगाए।