नई दिल्ली। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हरियाणवी अभिनेत्री अंजलि राघव द्वारा लगाए गए गलत तरीके से छूने के आरोप पर हरियाणा महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने पवन सिंह को 2 अप्रैल को फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय में पेश होने का नोटिस जारी किया है।
आयोग ने बुलाया दोनों पक्षों को
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 2 अप्रैल को अंजलि राघव और पवन सिंह दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
शिकायत में अंजलि ने कहा है कि यह घटना अगस्त 2025 में लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। आरोप है कि पवन सिंह ने स्टेज पर अंजलि को बिना मर्जी छुआ, और इसका वीडियो वायरल भी हो गया था।
पहले भी विवाद हुआ था शांत
इस घटना के बाद अंजलि राघव ने विरोध जताया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला पहले शांत हो गया था। लेकिन अब अंजलि ने महिला आयोग को शिकायत देकर न्याय की मांग की है। शिकायत में पवन सिंह पर बिना अनुमति छूने और वीडियो वायरल कराने का आरोप लगाया गया है।