बहादुरगढ़ के मातन गांव में अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी मृतका का ही लिव-इन पार्टनर है। शराब के नशे में आरोपी ने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर वार कर उसे हत्या के घाट उतार दिया और शव को खेत में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बहादुरगढ़ निवासी ममता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी रिंकू मांडोठी गांव का रहने वाला है। दोनों पिछले कई वर्षों से एक साथ रह रहे थे और ट्रक चलाने का काम करते थे।

पुलिस के बयान के अनुसार, यह घटना भिवाड़ी से बहादुरगढ़ लौटते समय हुई। ट्रक में शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। नशे में चूर रिंकू ने लोहे की रॉड से ममता के सिर पर जबरदस्त वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को मातन गांव के खेतों में फेंक दिया।

चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के तुरंत बाद रिंकू ने मृतका के मोबाइल फोन से ही पुलिस कंट्रोल रूम को शव मिलने की सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सबूतों के जरिए आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में रिंकू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सीआईए-1 बहादुरगढ़ और मांडोठी चौकी की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां न्यायालय ने रिंकू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद करने की कोशिश कर रही है।

प्रारंभ में यह मामला ‘ब्लाइंड मर्डर’ के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस की तफ्तीश में रहस्य सुलझ गया और हत्यारे तक पहुँचने में सफलता मिली।