हरियाणा कांग्रेस ने महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्र और हरियाणा सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ में पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में सेक्टर 9 कार्यालय से शुरू हुआ। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के 32 विधायकों में से 7 ही विधायक पहुंचे।

7 विधायकों में प्रदीप चौधरी, शैली चौधरी, शमशेर गोगी, नीरज शर्मा, शीशपाल केहरवाला, अमित सिहाग, चिरंजीव राव पहुंचे। जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा सहित 25 विधायक नहीं पहुंचे। ऐसे में कांग्रेस की गुटबाजी पूरी तरह से दिखाई दी। हुड्‌डा खेमे के विधायक कुमारी सैलजा के नेतृत्व से संतुष्ट नहीं है।

महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसी हाथाें में पार्टी का झंडा थामे सड़कों पर निकले। कांग्रेसियों ने नारा दिया कि पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से। फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि भाजपा ने राम राज्य के नाम पर राज तो ले लिया, परंतु एक बार भी भगवान राम के आदर्श लेकर नहीं चल रहे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार के खिलाफ हमें जनता की आवाज बनना है। महंगाई के मुद्दे पर हम जनता के साथ खड़े हैं और हर मुद्दे पर खड़े रहेंगे। भाजपा सरकार की मनमानी नहीं चलने देंगे। चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें पार्टी कार्यालय से बाहर निकलते ही सड़क पर रोक लिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। इसके बाद राज्यपाल भवन से एक प्रतिनिधिमंडल आया और उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।