हरियाणवी अभिनेत्री दिव्यांका सिरोही का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश स्थित अपने आवास पर उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हालांकि, उनके परिवार की ओर से इस दुखद घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उनके निधन की खबर से फिल्म और सोशल मीडिया जगत में शोक की लहर है।

कौन थीं दिव्यांका सिरोही?

दिव्यांका सिरोही मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं। फिलहाल वह अपने माता-पिता और दादी के साथ गाजियाबाद में रह रही थीं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीसीए और इसके बाद सिक्किम से एमबीए की पढ़ाई की थी। उनके परिवार में भाई हिमांशु और बहनें दीपांशु व जसमीत हैं।

सोशल मीडिया और करियर

दिव्यांका ने क्षेत्रीय मनोरंजन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के कई गानों में काम किया था और सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.3 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स थे।

उनका करियर डिजिटल प्लेटफॉर्म टिकटॉक से शुरू हुआ, जहां उनके वीडियो तेजी से वायरल हुए और उन्हें पहचान मिली।

आखिरी पोस्ट

एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्हें बचपन से ही एक्टिंग और डांसिंग का शौक था। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 19 मार्च की थी, जिसमें वह नीले-सफेद फ्लोरल ड्रेस में बी प्राक और अफसाना खान के गाने “बरसाना मिला है” पर डांस करती नजर आई थीं।