जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और कुपवाड़ा जिलों में सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इस संबंध में दोनों जिलों के डिप्टी कमिश्नरों ने सार्वजनिक सूचना जारी कर लोगों से सहयोग करने और शांत रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, यह मॉक ड्रिल गुरुवार को दोपहर 3:30 बजे शुरू होगी। वहीं, ब्लैकआउट अभ्यास रात 8 बजे से 8:10 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अनावश्यक लाइटें बंद रखें और सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे इस दौरान सहयोग करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।