हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य में जल्द ही पुलिस विभाग में 800 कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मनरेगा के तहत मजदूरी दर 247 रुपये से बढ़ाकर 320 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। इसके चलते पिछले वित्त वर्ष में 250 लाख मानव-दिवस के लक्ष्य के मुकाबले 407 लाख मानव-दिवस का सृजन हुआ। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा की संरचना में बदलाव के कारण हिमाचल को हर साल लगभग 800 करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका है।
सुक्खू ने केंद्र की अग्निवीर योजना और मनरेगा में हुए बदलावों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इन नीतिगत परिवर्तनों से राज्य में रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।
पंचायतों को बताया लोकतंत्र की मजबूत नींव
कांगड़ा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे मजबूत इकाई हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज के लक्ष्य को साकार करने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया और कहा कि चिट्टा जैसी समस्या के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आंदोलन करना होगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार “व्यवस्था परिवर्तन” के लक्ष्य के साथ हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
किशाऊ बांध परियोजना पर बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 422 मेगावाट की किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल के हितों की रक्षा को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। केंद्र सरकार की सैद्धांतिक सहमति के अनुसार हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली जैसे लाभार्थी राज्य विद्युत घटक की लगभग 2000 करोड़ रुपये की लागत वहन करेंगे, जिससे हिमाचल पर आर्थिक बोझ कम होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ा रही है, साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के आधुनिकीकरण पर 213.75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पर्यटन और विकास योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के विजन को राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है। गगल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 2500 करोड़ रुपये की योजना को धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे भविष्य में यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संभव होंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए खेल और अन्य आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिनमें आयोजकों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
बनखंडी चिड़ियाघर बनेगा बड़ा आकर्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा के बनखंडी में 650 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक चिड़ियाघर विकसित किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से जानवर लाए जाएंगे, जिससे यह पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका से जानवर लाने को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है और जल्द ही यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।