चंबा (चुराह)। चुराह क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। रविवार सुबह चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हरविंद्र सिंह पुत्र ऋषि सिंह, निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह के रूप में हुई है।

शव मिलने की सूचना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर लगभग 2 बजे तक चला, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर थाना तीसा प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

तीन घंटे में तीन आरोपी हिरासत में, कार भी जब्त

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और करीब चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही अल्टो कार (HP-44-4861) को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

सड़क पर उतरा गुस्सा, तीन घंटे तक रहा जाम

युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया और चंबा-तीसा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बातचीत और जांच के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 2 बजे परिजनों ने चक्का जाम समाप्त किया।