भाजपा हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव घोषित, 30 जून को नामांकन

भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज ने शिमला स्थित दीप कमल कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पार्टी लोकतांत्रिक परंपराओं में विश्वास रखती है और इसी प्रक्रिया के तहत राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अध्यक्षों का चुनाव देशभर में निर्धारित ढांचे के अनुसार किया जाता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी लक्ष्मण के मार्गदर्शन में बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश परिषदों के चुनाव पूरे देश में संपन्न हो चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में 8000 से अधिक बूथों, 171 मंडलों और 17 जिलों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्य में 114 प्रतिनिधि हैं जो प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चयन में भाग लेंगे।

डॉ. भारद्वाज ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और आठ राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। नामांकन प्रक्रिया 30 जून को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक दीप कमल कार्यालय में आयोजित की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की जाएगी, और यदि एक से अधिक नामांकन आते हैं, तो नाम वापसी का समय दोपहर 3 से 5 बजे तक तय किया गया है।

उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह होटल पीटरहॉफ शिमला में सुबह 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की औपचारिक घोषणा करेंगे। इस दौरान डॉ. राजीव सहजल और संजीव कटवाल भी उपस्थित रहे।

ये होंगे मतदाता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के चुनाव में भाग लेने वाले 114 अधिकृत मतदाताओं में केंद्रीय और राज्य स्तर के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें प्रमुख नाम हैं—जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, सुरेश भारद्वाज, सतपाल सिंह सत्ती, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, डॉ. राजीव बिंदल, सुरेश कश्यप, राकेश पठानिया, रीता धीमान, राकेश जमवाल, डॉ. डेजी ठाकुर, बलदेव तोमर, बलवीर वर्मा, रीना कश्यप, नीलम कुमारी, चेतन बरागटा, त्रिलोक कपूर, पंकज जमवाल, बलवीर बग्गा, शशि बाला, रविंद्र चौहान, प्रेम ठाकुर, अजय श्याम, विनय गुप्ता, और अन्य प्रमुख प्रतिनिधि।

चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आवश्यक अधिसूचना, समय-सारणी और मतदाता सूची भाजपा मुख्यालय में सार्वजनिक रूप से जारी कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here