हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के समीप सलोगड़ा के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब सवारियों से भरी एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर फोरलेन सड़क के बीचों-बीच पलट गई। बस में उस समय करीब 10 से 12 यात्री सवार थे, जिनमें से चालक और एक यात्री को ज्यादा चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बस सोलन से शिमला की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन सलोगड़ा के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और वह सड़क पर ही पलट गई। गनीमत यह रही कि बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। हादसे के सही कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

मंडी-पठानकोट हाईवे पर ट्रक हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान

इसी बीच मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगिंद्रनगर के पास एक और सड़क हादसा सामने आया, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के मुताबिक, नागालैंड नंबर का यह ट्रक पठानकोट से लेह-लद्दाख की ओर लोहे की चादरें और करीब 15 टन भारी सामान लेकर जा रहा था। देर रात लगभग 11 बजे जोगिंद्रनगर से करीब एक किलोमीटर दूर चढ़ाई वाले हिस्से में ट्रक के पहिए अचानक रुक गए, जिसके बाद वाहन पीछे की ओर लुढ़कने लगा।

स्थिति बिगड़ते देख चालक ने कूदकर बचने की कोशिश की और टायरों के नीचे पत्थर लगाकर ट्रक को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन भारी लोड के कारण वह सफल नहीं हो सका। ट्रक ने हाईवे की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में गिरते हुए नीचे रेल लाइन तक पहुंच गया और पूरी तरह नष्ट हो गया। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।