मनाली में गर्मी से राहत पाने पहुंचे पर्यटकों को यहां का बदला हुआ मौसम हैरान कर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है।

राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को मनाली, लाहौल-स्पीति और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर मौसम पूरी तरह बदल गया और क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई।

बर्फबारी के चलते दर्रे बंद

ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रे को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। शिंकुला और बारालाचा की ओर गए पर्यटकों को दारचा और आसपास के क्षेत्रों में रोक दिया गया है।

सुबह करीब पांच बजे मनाली से रोहतांग की ओर गए कुछ पर्यटक दर्रे तक पहुंच गए, लेकिन अधिकांश वाहनों को मढ़ी में ही रोक दिया गया।

लंबा ट्रैफिक जाम

पर्यटकों को रोके जाने के कारण मढ़ी से लेकर गुलाबा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई वाहन घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे, जबकि कुछ पर्यटक मढ़ी और रोहतांग में गिरती बर्फ का आनंद लेते नजर आए।

प्रशासन ने दी जानकारी

एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी तेज हो रही है। सुरक्षा को देखते हुए पर्यटक वाहनों को फिलहाल मढ़ी से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।