आगरा। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोमवार को अपनी पत्नी जीनत रूबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दौरा किया। भीषण गर्मी के बीच हुए इस भ्रमण के दौरान उन्होंने मुगलकालीन इस ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता की सराहना की और इसे “प्रेम के सबसे अनमोल प्रतीकों में से एक” बताया।
मार्को रूबियो चार दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच वे सड़क मार्ग से ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित होटल पहुंचे। इसके बाद गोल्फ कार्ट के जरिए वे स्मारक परिसर में प्रवेश किए। इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे।
करीब एक घंटे तक किया ताजमहल का अवलोकन
ताजमहल परिसर में रूबियो करीब एक घंटे तक रहे। इस दौरान उन्होंने स्मारक की वास्तुकला, संगमरमर की नक्काशी और ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि यह अनुभव “दुनिया के सबसे सुंदर प्रेम प्रतीकों में से एक को देखने जैसा है।”
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस दौरान दंपती के साथ ताजमहल परिसर में तस्वीरें खिंचवाईं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए ताजमहल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, कुछ समय के लिए पर्यटकों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया ताकि वीआईपी मूवमेंट सुचारू रूप से हो सके।
खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक पूरे रूट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई थी। कई मार्गों पर ट्रैफिक भी नियंत्रित रहा, जिससे आम लोगों को अस्थायी असुविधा हुई।
आगे का कार्यक्रम
आगरा दौरे के बाद मार्को रूबियो जयपुर जाएंगे और इसके बाद मंगलवार सुबह नई दिल्ली लौटेंगे। वहां वे क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।
भीषण गर्मी के बीच दौरा
रूबियो का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब आगरा भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।