कांगड़ा। नगरोटा बगवां के लुदरेड गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भतीजे ने अपने चाचा की चाकू से हत्या कर दी। घटना रविवार सुबह करीब आठ बजे हुई, जब मृतक अशोक कुमार ( निवासी लुदरेड) घर से मजदूरी के लिए निकल रहे थे।
पुलिस ने हत्या के आरोपी सुखबिंदर को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विवाद जमीनी मसले को लेकर हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में सरकारी फोरलेन परियोजना के तहत जमीन का मुआवजा अशोक कुमार को मिला था, जिसे लेकर परिवार में खटास थी।
घटना के समय अशोक कुमार अपने दो भाइयों, पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे। जब वह काम के लिए जा रहे थे, तो भतीजे ने उन्हें रोक लिया और दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान भतीजे ने चाचा पर तीन वार किए।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और अशोक कुमार को खून से लथपथ पाया। उन्हें तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी घटना के बाद घर चला गया था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नगरोटा बगवां पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।