राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला दौरे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। उन्होंने अन्नाडेल हेलीपैड से विशेष विमान के जरिए राजधानी के लिए उड़ान भरी। इससे पहले राष्ट्रपति ने शिमला स्थित आरट्रैक में आयोजित सेना के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सीधे दिल्ली लौट गईं। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल काविंदर गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पांच दिनों तक शिमला में रहीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पिछले पांच दिनों से शिमला के समीप छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में प्रवास कर रही थीं। इस दौरान उनका कई स्थानों पर दौरा प्रस्तावित था।
मौसम ने बिगाड़ा कार्यक्रम
राष्ट्रपति का अटल टनल रोहतांग, सिस्सू और 30 अप्रैल को कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन खराब मौसम के चलते ये सभी दौरे रद्द करने पड़े।
शुक्रवार को भी सुबह शिमला में बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर करीब 12 बजे मौसम में कुछ सुधार देखा गया, जिसके बाद उनका दिल्ली प्रस्थान संभव हो सका।