कटड़ा: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद शुक्रवार को टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा ने माता वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेका। अभिषेक ने बताया कि वर्ल्ड कप से पहले भी वह माता के दर्शन के लिए आए थे और प्रार्थना की थी कि अगर भारत यह ट्रॉफी जीतता है, तो वह पुनः दर्शन के लिए लौटेंगे।

अभिषेक शर्मा ने कहा कि इस सफलता में माता वैष्णो की विशेष कृपा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपने परिवार के साथ पहले कई बार यहां दर्शन कर चुके हैं।

कटड़ा में क्रिकेट से भी जुड़ाव
अभिषेक शर्मा ने कटड़ा में आयोजित कटड़ा प्रीमियर लीग में भी भाग लिया है और यहां क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि भारत में रहेंगे तो लीग के पांचवें संस्करण में भी खेलने जरूर आएंगे।

दर्शन यात्रा और स्वागत
अभिषेक दोपहर को जम्मू से हेलीकाप्टर के माध्यम से पंछी हेलीपैड पहुंचे, जहां से उन्होंने वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान किया। गुफा में माथा टेकने के बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए प्रार्थना की।

भवन पर स्थानीय क्रिकेटर गणेश सहित कई प्रशंसकों और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने अभिषेक के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और भारत की जीत का जश्न मनाया। दर्शन के बाद अभिषेक हेलीकाप्टर से कटड़ा हेलीपैड पहुंचे और वहां से कार द्वारा जम्मू के लिए रवाना हुए।