पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार देर रात एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट के अनुसार, एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी गाड़ी फतेह खेल पुलिस चेकपोस्ट से टकरा दी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।

इस हमले में 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन जवान घायल बताए जा रहे हैं।

चेकपोस्ट पूरी तरह तबाह, मलबे में दबे जवान

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरा पुलिस चेकपोस्ट मलबे में बदल गया। बन्नू के डीआईजी सज्जाद खान ने बताया कि धमाके के बाद कई जवान मलबे में दब गए थे।

रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों और घायलों की पहचान

अधिकारियों ने मृतक पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली है, जिनमें रहमत अयाज, सनाउल्लाह, नियाज अली, हबीब, सादुल्लाह जान, कामरान, नूरुल्लाह, आबिद जानी, इमरान, कलीमुल्लाह, सादिकुल्लाह, मुनीर आलम खान, राहतुल्लाह खान और फारूक शामिल हैं।

घायलों में मुजरिम फिरोज, हयातुल्लाह और कदरुल्लाह के नाम सामने आए हैं।

आसपास के इलाकों में भी नुकसान

स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाके की आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आसपास के घरों और इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। कई घरों की छतें गिरने की भी जानकारी सामने आई है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बलूचिस्तान में भी हमलों का दावा

इसी बीच, रविवार को बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने राज्य के विभिन्न इलाकों में 10 अलग-अलग हमलों की जिम्मेदारी ली है।

संगठन ने दावा किया है कि खारन, वाशुक, आवारान, केच और मस्तुंग क्षेत्रों में किए गए इन हमलों में 10 सुरक्षा कर्मियों और 4 अन्य लोगों की मौत हुई है।

BLF प्रवक्ता के अनुसार, इन ऑपरेशनों में सैन्य शिविरों, सुरक्षा काफिलों और निर्माण कार्यों की सुरक्षा में लगे जवानों को निशाना बनाया गया। संगठन ने हथियार और निगरानी उपकरण जब्त करने का भी दावा किया है।