IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर समाप्त हो गया है और ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई।

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर एमएस धोनी के बिना मैदान पर उतरी, जिससे फैंस को निराशा हाथ लगी। हालांकि, सबसे बड़ा आकर्षण लखनऊ के ओपनर जॉश इंग्लिस की तूफानी बल्लेबाजी रही।

चोट से वापसी करने वाले इंग्लिस ने पावरप्ले में ही गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए मात्र 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 33 गेंदों में 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर लखनऊ ने शुरुआती 9 ओवर में ही 112 रन बना डाले।

लेकिन इंग्लिस के आउट होते ही लखनऊ की पारी अचानक लड़खड़ा गई और रनगति पर ब्रेक लग गया। एक समय ऐसा लगा कि टीम 200 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगी। इस दौरान चेन्नई की ओर से जेमी ओवर्टन और नूर अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 अहम विकेट चटकाए और लखनऊ को बैकफुट पर धकेल दिया।

हालांकि अंतिम ओवरों में शाहबाज अहमद ने मोर्चा संभाला और सिर्फ 25 गेंदों में 43 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को 203 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।