मोदीनगर डीएमई पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पीछे से तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकरा गई। यह दुर्घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के पट्टी गांव के पास हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, भोजपुर क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी दीपांशु उर्फ दीपू (19) और हापुड़ के सदीकपुरा निवासी सागर (19) आपस में दोस्त थे और गाजियाबाद की एक फर्नीचर फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों रविवार को ड्यूटी पर गए थे और दोपहर में काम खत्म कर बाइक से गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि बाइक सागर चला रहा था, जबकि दीपांशु पीछे बैठा था। सागर ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन दीपांशु बिना हेलमेट के था। बाइक पर उनके काम के औजार भी रखे हुए थे।

पट्टी गांव के पास पहुंचते ही आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही बाइक सीधे उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि औजार सड़क पर बिखर गए।

घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत मोदीनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।